अलीगढ़: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है जिसमें दावा किया जा रहा है कि जय भीम बोलने पर दलित युवकों को पीटा जा रहा है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि तीन युवकों को भीड़ लगातार पीट रही है। साथ ही थोड़ी देर बाद नग्न करके भी पीटा जा रहा है। वीडियो अलीगढ़ जिले के थाना लोधा क्षेत्रान्तर्गत चिकावटी गाँव के पास का बताया जा रहा है।
वीडियो की पड़ताल के लिए नियो पॉलिटीको की टीम ने सीधे पुलिस स्टेशन पर फ़ोन मिलकर पूरा मामला जानना चाहा।
लड़की छेड़ने पर हुई मारपीट
थानाप्रभारी ने बताया कि वीडियो 26 अप्रैल का है। हाईवे से एक स्कूल की लड़की को तीनों लड़के छेड़ रहे थे। स्कूली छात्रा के शोर मचाने पर वहां कई सारे लोग आ गए जिन्होंने आरोपियों को पकड़ लिया। इसके बाद भीड़ ने तीनों की जमकर पिटाई कर दी। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों पर कार्यवाई की है। साथ ही आरोपियों की तहरीर पर SC ST एक्ट भी दर्ज किया है।
ग्राम प्रधान ने बताया लड़की को छेड़ने का था मामला
हमने अधिक जानकारी के लिए ग्राम प्रधान से जानकारी की। ग्राम प्रधान ने बताया कि लड़की ठाकुर समाज से आती है इसलिए इसे ठाकुर बनाम दलित बनाया जा रहा है। जबकि मामला छेड़छाड़ से संबंधित है। इस मामले में पुलिस ने अपनी कार्यवाई पूरी की है।