चित्रकूट: जनपद चित्रकूट में छेड़खानी के एक मामले में SC ST एक्ट की धमकियों से तंग आकर पीड़िता की मां ने अपनी जान दे दी। छात्रा ने आरोप लगाया कि आरोपी के परिजन लगातार धमकियाँ दे रहे थे। जिससे तंग आकर मां ने आत्महत्या कर ली।
जानकारी के अनुसार 11 अगस्त को सरैया थाना क्षेत्र में कोचिंग जा रही लड़की से अमित कोल नामक युवक द्वारा छेड़खानी की गई थी। आरोपी ने अपने 5 दोस्तों के साथ मिलकर सरेराह छात्रा को साइकिल से धक्का देकर गिरा दिया जिसके बाद आस पास के लोगों ने छात्रा को आरोपियों से बचाया।
घटना के बाद अमित लापता हो गया और 15 अगस्त को उसका शव शवरी जलप्रपात में मिला। अमित अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था जहाँ डूबकर उसकी मृत्यु हो गई। इसी बीच लड़की से छेड़छाड़ का वीडियो भी सामने आया था। आरोपी की मृत्यु के बाद से लगातार उसके परिजन छात्रा और उसकी मां को धमका रहे थे। साथ ही एससी-एसटी एक्ट में फँसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की माँग कर रहे थे।
धमकी से डरकर की आत्महत्या
एससी एसटी एक्ट की धमकी से डरकर छात्रा की माँ ममता शर्मा पर गहरा असर पड़ा। बेटी के अनुसार वह बार-बार कह रही थीं कि कहीं जेल न भेज दिया जाए। दबाव और अपमान के बीच उन्होंने 20 अगस्त को अपने घर में फाँसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
फिलहाल पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के प्रार्थना पत्रों पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
