वाराणसी: उत्तर प्रदेश के काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में बुधवार सुबह करीब 11:45 बजे हिंदी विभाग में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। परास्नातक (एमए) द्वितीय वर्ष के छात्र प्रशांत मिश्रा जब अपनी कक्षा में पहुंचे, तो वहां पहले से मौजूद समाजवादी छात्रसभा (SP छात्र संगठन) की बीएचयू इकाई के अध्यक्ष हिमांशु यादव ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हिमांशु ने सबसे पहले उनकी जाति पूछी और फिर विवाद बढ़ने पर उन्हें थप्पड़ मार दिया।
कक्षा में जाति पूछने पर हुआ विवाद, गाली-गलौज के बाद मारा थप्पड़
पीड़ित छात्र प्रशांत मिश्रा के अनुसार, जैसे ही वे कक्षा में पहुंचे, हिमांशु यादव ने उन्हें रोककर पूछा कि “कौन जात हो?” इस पर प्रशांत ने सवाल किया कि इसका क्या मतलब है। लेकिन हिमांशु ने दोबारा जोर देकर जाति बताने को कहा। जब प्रशांत ने बताया कि वे “मिश्रा” हैं, तो आरोप है कि हिमांशु यादव नाराज हो गया। इसके बाद उसने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालियां दीं और प्रशांत को तमाचा जड़ दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
CCTV में कैद हुई घटना, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
प्रशांत मिश्रा ने बताया कि यह पूरी घटना विभाग परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद उन्होंने वाराणसी के लंका थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा के मुताबिक, तहरीर के आधार पर पुलिस ने तुरंत प्राथमिकी दर्ज की और सीसीटीवी फुटेज की जांच की। सबूत मिलने के बाद आरोपी हिमांशु यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
