मिर्जापुर: यूपी पुलिस ने मिर्जापुर की यूट्यूबर और बिरहा गायिका सरोज सरगम को मां दुर्गा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने और अश्लील कंटेंट फैलाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सरोज के साथ उनके पति राममिलन बिंद समेत कुल आठ लोगों को हिरासत में लिया है। आरोपियों से मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और आपत्तिजनक साहित्य भी बरामद किया गया है।
कैसे भड़का विवाद?
21 सितंबर को सरोज सरगम के यूट्यूब चैनल से एक वीडियो अपलोड हुआ, जिसमें मां दुर्गा को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की गईं। यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर हिंदू समुदाय के बीच भारी आक्रोश फैल गया। कई धार्मिक संगठनों और संतों ने वीडियो को आपत्तिजनक बताते हुए गिरफ्तारी की मांग की। जूनाअखाड़ा के संत और बद्रीनाथ मंदिर के महंत योगानंद गिरि ने कहा कि अगर प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की, तो अखाड़ा सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा।
पुलिस की कार्रवाई
मामला सामने आते ही थाना मड़ीहान पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। इसके अलावा थाना कोतवाली शहर, मिर्जापुर में भी एक और मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सरोज सरगम और उनके पति राममिलन बिंद समेत कुल आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और आपत्तिजनक साहित्य बरामद किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि सरोज सरगम और उनके पति लंबे समय से एक बिरहा मंडली चला रहे थे और इसी मंडली के जरिए अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री बनाई और फैलाई जा रही थी।
पूछताछ में बड़ा खुलासा
पुलिस पूछताछ में सरोज सरगम के पति राममिलन बिंद ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी पत्नी सरोज सरगम बिरहा गायिका हैं और वह मंडली का संचालन करते हैं। इस मंडली से कई गायक और कलाकार जुड़े हुए थे, जो वीडियो बनाने और यूट्यूब पर अपलोड करने का काम करते थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि सरोज और राममिलन ने करीब दस महीने पहले ईसाई धर्म अपना लिया था। इसके बावजूद वे हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणियां और कंटेंट बनाकर सोशल मीडिया पर डाल रहे थे। पुलिस ने यह भी बताया कि यह मंडली पिछले तीन साल से लगातार विवादित गाने अपलोड कर रही थी। पुलिस जांच के दौरान यह भी पता चला कि सरोज सरगम और उनके पति ने मिर्जापुर जिले के गढ़वा गांव में 15 बीघा वन भूमि पर कब्जा कर खेती शुरू कर दी थी। 23 सितंबर को वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने इस कब्जे को हटाने की कार्रवाई की और जमीन को खाली कराया।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें मुख्य नाम बिरहा गायिका सरोज सरगम (35 वर्ष) और उनके पति एवं मंडली संचालक राममिलन बिंद (40 वर्ष) हैं। इनके अलावा सीताराम कोल (38 वर्ष), सुरेश कोल (30 वर्ष), प्रेम सरोज (35 वर्ष), राकेश कुमार यादव (34 वर्ष), गोलू बिंद (21 वर्ष) और म्यूजिक स्टूडियो संचालक राजेश प्रसाद (34 वर्ष) को भी हिरासत में लिया गया है। सरोज सरगम का यूट्यूब चैनल काफी लोकप्रिय था और उस पर 60,000 से अधिक सब्सक्राइबर थे। चैनल पर अब तक करीब 35 से 40 वीडियो अपलोड किए गए थे। इनमें से कई वीडियो विवादित और आपत्तिजनक पाए गए। पुलिस और साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए चैनल से मौजूद ऐसे सभी वीडियो हटवा दिए हैं।एसएसपी सोमें बर्मा ने कहा “अभियुक्तों ने सोशल मीडिया के जरिए हिंदू आस्था को ठेस पहुंचाई है। इन पर आईटी एक्ट और आईपीसी की कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों से डिजिटल डिवाइस बरामद हुए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।”
यूट्यूब पर सरोज सरगम द्वारा अपने चैनल पर एक गाने का वीडियो अपलोड कर माँ दुर्गा के बारें में अपशब्दों का प्रयोग किया गया था। मड़िहान पुलिस द्वारा FIR पंजीकृत कर मुख्य आरोपी सरोज सरगम व उनके पति राममिलन बिन्द की गिरफ्तारी के सम्बन्ध में #सोमेन_बर्मा #SSP_Mirzapur की बाइट- pic.twitter.com/6gBw8e5pHB
— Mirzapur Police (@mirzapurpolice) September 23, 2025
