सीधी: अंबेडकर जयंती के मौके पर मध्य प्रदेश के अमिलिया मुख्य बाजार में उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब रैली के दौरान विवाद बढ़कर हिंसा में बदल गया। जानकारी के अनुसार, रैली निकाल रहे भीम आर्मी से जुड़े कुछ लोगों और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है।
रैली के दौरान विवाद से शुरू हुआ झगड़ा, वाहन पर हमला और मारपीट
बताया जा रहा है कि अंबेडकर जयंती पर निकाली जा रही रैली के दौरान रास्ता मांगने के लिए हॉर्न बजाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इस बात से नाराज कुछ लोगों ने बोलेरो वाहन में सवार उपाध्याय और उनके साथ मौजूद युवकों के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद गुस्साए लोगों ने बोलेरो वाहन पर पत्थर फेंककर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में मुनी शुक्ला (22 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घर में घुसकर हमला, कई लोग घायल, इलाके में तनाव
घटना यहीं नहीं रुकी। जानकारी के मुताबिक, करीब 50 की संख्या में नकाबपोश लोग अमिलिया में एक घर के बाहर पहुंचे। हमलावरों ने पहले बाहर खड़ी बोलेरो गाड़ी में तोड़फोड़ की और फिर घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस हमले में रमाकांत शुक्ला (80 वर्ष), अर्चना शुक्ला (40 वर्ष) और उनकी पुत्री दिव्यांश शुक्ला (22 वर्ष) भी घायल हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट की गई और घर में जमकर तोड़फोड़ की गई। पत्थरबाजी के कारण घर के अंदर मौजूद लोगों को भी चोटें आईं। घायलों का इलाज सीधी में चल रहा है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। पुलिस मामले को संभालने और शांति बनाए रखने का प्रयास कर रही है, लेकिन हालात अभी भी संवेदनशील बताए जा रहे हैं।
