दिल्ली: मानसरोवर पार्क में रविवार को दिनदहाड़े ऐसी खौफनाक वारदात हुई, जिसने पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। मानसरोवर पार्क थाने से महज 200 मीटर दूर स्थित ज्वाला जी मंदिर में घुसकर बदमाशों ने पुजारी की पत्नी कुसुम शर्मा की गंडासे से बेरहमी से हत्या कर दी। सिर पर किए गए वार इतने भयानक थे कि महिला का मस्तिष्क बाहर निकलकर मंदिर के फर्श पर बिखर गया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुजारी को ढूंढते हुए मंदिर पहुंचे, पत्नी पर किया जानलेवा हमला
पुलिस के मुताबिक, दो युवक मंदिर में आए और पुजारी के बारे में पूछताछ करने लगे। जब उन्हें बताया गया कि पुजारी मौजूद नहीं हैं, तो उन्होंने उनकी पत्नी के बारे में जानकारी ली। पहचान होते ही एक आरोपी मंदिर के गेट पर खड़ा हो गया, जबकि दूसरे ने अंदर कुसुम शर्मा पर गंडासे से ताबड़तोड़ वार कर दिए। महिला को बचने का कोई मौका नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बचाव में आई श्रद्धालु पर भी हमला, एक आरोपी हिरासत में
मंदिर में पूजा करने आई अधेड़ श्रद्धालु बीना ने कुसुम शर्मा को बचाने की कोशिश की, तो बदमाश ने उनके सिर पर भी वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल बीना का जीटीबी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने एक आरोपी आंचल सक्सेना को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में वह लगातार बयान बदल रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी का कहना है कि उसे लगता था ब्राह्मण उसके दुश्मन हैं और ब्राह्मणों को मारने से वह सुरक्षित रहेगा।
चांदनी चौक से खरीदा था गंडासा, जमीन विवाद की भी जांच
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने वारदात में इस्तेमाल किया गया गंडासा चांदनी चौक से खरीदा था। पूछताछ में आरोपी का कहना है कि उसने यह हथियार अपनी आत्मरक्षा के लिए लिया था। दूसरी ओर, मृतका के पति और ज्वाला जी मंदिर के पुजारी महेश चंद शर्मा ने बताया कि मंदिर की जमीन को लेकर पास में रहने वाले एक परिवार से कई वर्षों से विवाद चल रहा है, जो फिलहाल अदालत में विचाराधीन है। परिवार ने आशंका जताई है कि इसी जमीन विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई हो सकती है।
जमीन विवाद से भी जुड़ सकता है मामला, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
मृतका के पति और मंदिर के पुजारी महेश चंद शर्मा ने बताया कि मंदिर की जमीन को लेकर पास में रहने वाले एक परिवार से वर्षों से विवाद चल रहा है, जो अदालत में लंबित है। परिवार ने आशंका जताई है कि इसी विवाद के चलते हत्या करवाई गई हो सकती है। घटना के बाद फरार होते समय दोनों बदमाश सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
36 साल से मंदिर में सेवा, पुलिस सुरक्षा पर उठे सवाल
महेश चंद शर्मा मूल रूप से मथुरा के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से परिवार के साथ मानसरोवर पार्क में रह रहे थे। वे करीब 36 वर्षों से ज्वाला जी मंदिर में पुजारी के रूप में सेवा दे रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि थाने के पास होते हुए भी बदमाश बेखौफ वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हत्या, हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कर जांच जारी है।
