गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश में 23 साल की युवती करिश्मा वर्मा ने पैसों के विवाद और मानसिक तनाव से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। घटना उत्तर प्रदेश के वेव सिटी थाना क्षेत्र की है, जहाँ शुरुआती जाँच में सामने आया कि शादी के लिए जोड़े गए 25–30 लाख रुपये को लेकर दोस्तों से विवाद चल रहा था और बाद में उसी मामले में SC/ST एक्ट के तहत शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।
शादी के लिए जोड़े पैसे निकाल लिए, डबल करने का झाँसा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करिश्मा के पिता पवन वर्मा ने आरोप लगाया कि उसकी बचपन की दोस्त शिवांगी, भाभी सपना, एक दोस्त राहुल और दिल्ली के युवक राहुल जैन ने बहला-फुसलाकर करिश्मा के बैंक खाते से 25 से 30 लाख रुपये निकलवा लिए। पिता के अनुसार, यह रकम बेटी की शादी के लिए जमा की गई थी और आरोपितों ने पैसे डबल करने का लालच दिया था। इस मामले की जानकारी उन्होंने दैनिक भास्कर से बातचीत में दी।
पैसे वापस माँगने पर मानसिक दबाव और ब्लैकमेल का आरोप
परिजनों का कहना है कि जब करिश्मा ने अपने पैसे वापस माँगे, तो उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया और ब्लैकमेल भी किया गया। लगातार तनाव की वजह से वह डिप्रेशन में चली गई। पिता के मुताबिक, करीब सात महीने पहले भी करिश्मा ने आत्महत्या की कोशिश की थी और तब पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यह मामला अभी कोर्ट में लंबित बताया जा रहा है।
जहर खाकर दी जान, पुलिस ने शुरू की जाँच
रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार 14 फरवरी 2026 को करिश्मा ने वेव सिटी इलाके में सलफास खा लिया। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल ले गए, जहाँ इलाज के दौरान रविवार 15 फरवरी को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जाँच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जाँच में दोनों पक्षों के बीच पैसों के लेनदेन का विवाद सामने आया है। साथ ही आरोपित पक्ष की ओर से SC/ST एक्ट के तहत शिकायत भी दर्ज कराई गई है। इस पूरे मामले की विस्तृत जाँच जारी है।
