भोपाल: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि औरंगजेब को कभी भी महान नहीं माना जा सकता। उन्होंने भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने की अपनी मांग को दोहराते हुए कहा कि जल्द ही ब्रज से दिल्ली तक पदयात्रा निकाली जाएगी। शास्त्री ने यह भी कहा कि सनातन धर्म के खिलाफ मानसिकता रखने वाले लोग खुद-ब-खुद लाइन में लग जाएंगे। रविवार को धीरेंद्र शास्त्री मथुरा के वृंदावन पहुंचे, जहां उन्होंने अपने शिष्य रोहित रिछारिया के घर भेंट की। इसके बाद वे टटिया स्थान आश्रम गए और वहां के महंत का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कई महत्वपूर्ण बातें कहीं।
भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए निकलेगी ब्रज से दिल्ली तक पदयात्रा
धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदू राष्ट्र की अपनी मांग को दोहराते हुए कहा कि वे जल्द ही ब्रज से दिल्ली तक पदयात्रा करेंगे। उनका कहना था कि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाना ही उनका मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा, “जीवन का सार प्रेम है, और प्रेम का सार ब्रज है। मैं जल्द ही ब्रज को मांस-मदिरा मुक्त करने के लिए पदयात्रा करने जा रहा हूं।” शास्त्री ने कहा कि हिंदू राष्ट्र के समर्थन में लाखों लोग उनके साथ खड़े हैं और यह आंदोलन अब रुकने वाला नहीं है। उनका दावा है कि इस यात्रा के दौरान उन्हें अपार जनसमर्थन मिलेगा।
कुरुक्षेत्र में ब्राह्मणों पर हमले की निंदा, मुख्यमंत्री से की कार्रवाई की मांग
धीरेंद्र शास्त्री ने कुरुक्षेत्र में यज्ञ अनुष्ठान के दौरान ब्राह्मणों पर हुए हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर घटना है और इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा, “प्रदेश सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।” इसके अलावा, उन्होंने मां यमुना की शुद्धता को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यमुना का जल निर्मल होना चाहिए और इसे उसके पुराने स्वरूप में वापस लाने के लिए वे भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं।
सपा सांसद का बयान – “काहे का माफीनामा, मैंने सच कहा है”
इस बीच समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन का बयान चर्चा में आ गया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने जो भी कहा वह ऐतिहासिक तथ्य है, और वे अपने बयान से पीछे नहीं हटेंगे। सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा, “भाजपा वालों का तकिया कलाम हो गया है कि मुसलमानों में बाबर का डीएनए है, तो फिर हिंदुओं में किसका डीएनए है? बाबर को कौन लाया? बाबर को भारत में इब्राहिम लोदी को हराने के लिए राणा सांगा लाया था। अगर मुसलमान बाबर की औलाद हैं, तो तुम (हिंदू) गद्दार राणा सांगा की औलाद हो।” उनके इस बयान पर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। बीजेपी नेताओं ने उनकी टिप्पणी की आलोचना करते हुए इसे हिंदू समाज का अपमान बताया है। वहीं, सपा नेता अपने बयान पर अड़े हुए हैं और इसे ऐतिहासिक तथ्य बता रहे हैं।