सागर: मध्यप्रदेश में कोतवाली थाना क्षेत्र के लाजपतपुर में 40 साल के सुशील चौबे की डंडों से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। वारदात का वीडियो शुक्रवार को सामने आया, जिसमें सुशील हमलावरों से छोड़ देने की गुहार लगाता दिख रहा है, लेकिन आरोपी उसे सड़क पर घसीटते हुए लगातार डंडों से मारते दिखाई देते हैं। हमलावरों की आवाज भी सुनाई देती है—“इसके पैर तोड़ दो।” घटना 25 नवंबर की रात की है। गंभीर हालत में सुशील को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गुरुवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
देर रात रास्ते में हुआ विवाद, डंडों से घेरकर पीटा
पुलिस के मुताबिक, 25 नवंबर की रात सुशील चौबे निवासी बाहुवली कॉलोनी लाजपतपुर क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान उसका किसी बात को लेकर कुछ लोगों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने सुशील को घेर लिया और डंडों से हमला कर दिया। मारपीट की वीडियो फुटेज में साफ दिखाई देता है कि सुशील जमीन पर गिरा हुआ है और रहम की गुहार लगा रहा है, जबकि हमलावर लगातार उस पर वार कर रहे हैं। हमलावरों के हाथों में डंडे साफ नजर आते हैं।
भाई का आरोप—तुलसी प्रजापति समेत कई लोगों ने बेरहमी से पीटा
सुशील के बड़े भाई सुधीर चौबे ने बताया कि लाजपतपुर में कुछ लोगों ने उनके भाई के साथ बेहद बेरहमी से मारपीट की। मारपीट में लगी गंभीर चोटों की वजह से सुशील की मौत हो गई। सुधीर ने कहा कि पिटाई करने वालों में तुलसी प्रजापति समेत कई लोग शामिल थे, लेकिन यह अभी साफ नहीं है कि विवाद किस बात पर हुआ। उन्होंने मांग की है कि पुलिस सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करे।
पुलिस ने कहा– आरोपियों की तलाश जारी
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल ने बताया कि सुशील चौबे के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसका पोस्टमॉर्टम कराया गया है और पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण साफ हो सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सुशील चौबे कोतवाली और गोपालगंज थाने का निगरानी बदमाश था। उसके खिलाफ पहले से पैसे छीनने, मारपीट और अन्य अपराधों सहित करीब दो दर्जन मामले दर्ज हैं।
