बुरहानपुर: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में एक सरकारी स्कूल के शिक्षक को उस समय निलंबित कर दिया गया जब उस पर छात्रों से ‘नमाज जैसे आसन’ करवाने का आरोप लगा। यह मामला सरकारी हिंदी मिडिल स्कूल, देवरी (देवरी गांव) का है, जहां शिक्षक जबूर अहमद तड़वी योग कक्षा में बच्चों से सूर्य नमस्कार से पहले कथित रूप से नमाज जैसी मुद्राएँ करवाते थे। यह घटना सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सामने आई, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिक्षक को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के बाद पहुंची जांच टीम, शिक्षक निलंबित
जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) संतोष सिंह सोलंकी को एक जन शिक्षक के माध्यम से यह शिकायत मिली थी कि देवरी स्कूल में बच्चों से नमाज जैसी मुद्राएँ करवाई जा रही हैं। शिकायत मिलते ही सोलंकी ने मौके पर पहुंचकर छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान कुछ लोगों ने पुष्टि की कि सूर्य नमस्कार से पहले बच्चों से नमाज जैसी मुद्राएँ करवाई जा रही थीं। इसके बाद शनिवार को शिक्षक जबूर अहमद तड़वी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
DEO सोलंकी ने कहा, “सरकारी स्कूलों में किसी भी धर्म से जुड़ी प्रथाओं को सिखाने या बढ़ावा देने की अनुमति नहीं है। इसलिए आरोप की पुष्टि होने पर शिक्षक को सस्पेंड किया गया है। विभागीय जांच जारी है।”
शिक्षक ने दी सफाई, कहा– ‘ये नमाज नहीं, शशांकासन है’
शिक्षक जबूर अहमद तड़वी ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह केवल सरकार द्वारा तय योग पाठ्यक्रम का पालन कर रहे थे। उन्होंने बताया, “हमारे स्कूल के टाइमटेबल में सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक योग की कक्षा होती है। उसी के तहत छात्र सूर्य नमस्कार और अन्य आसन करते हैं। जिस मुद्रा को ‘नमाज का स्टेप’ कहा जा रहा है, वह वास्तव में ‘शशांकासन’ (खरगोश आसन) है, जिसमें छात्र आगे झुकते हैं और दोनों हाथ आगे फैलाते हैं। यह पूरी तरह योग का हिस्सा है। मैं निष्पक्ष जांच की मांग करता हूँ।” वहीं, एक अभिभावक विनोद राठौर ने बताया कि उनके बच्चों ने घर आकर बताया कि उन्हें नमाज जैसे स्टेप करवाए जा रहे हैं। उन्होंने तुरंत जन शिक्षक को इसकी सूचना दी और कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा, “स्कूल शिक्षा के लिए होते हैं, धार्मिक गतिविधियों के लिए नहीं। ऐसे मामलों में सख्त कदम जरूरी हैं।”
हिंदू संगठन भी सक्रिय, प्रशासन ने दी पुष्टि
मामले ने तब और तूल पकड़ा जब हिंदू जागरण मंच के जिला अध्यक्ष अजीत परदेसी ने शुक्रवार को स्कूल का दौरा किया। इसके बाद जिला प्रशासन ने भी जांच की पुष्टि की। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (ADM) वीर सिंह चौहान ने कहा, “शिकायत की जांच कराई गई और आरोप सही पाए जाने पर शिक्षक को निलंबित किया गया है। विभागीय जांच लंबित है।”
